तेंदुए से 10 मिनट तक भिड़ा युवक, बहादुरी से बचाई अपनी जान

लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के देवी पुरवा गांव में सोमवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के देवी पुरवा गांव में सोमवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई।

गांव निवासी 30 वर्षीय किसान अंकुल भार्गव खेत की ओर जा रहे थे, तभी गेहूं के खेत में हलचल सुनाई दी। जैसे ही वह पास पहुंचे, झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और उनका एक हाथ जबड़े में दबोच लिया।

जान बचाने के लिए अंकुल ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने दूसरे हाथ से तेंदुए का मुंह जमीन की ओर दबाया और लगातार मुक्के बरसाते रहे। करीब 10 मिनट तक चले इस संघर्ष के बाद तेंदुआ कमजोर पड़ गया और छटपटाना बंद कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए के पैर रस्सी से बांध दिए।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को कब्जे में लेकर अपने साथ ले गई। घायल अंकुल के हाथ में गंभीर चोट आई है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में इस घटना के बाद दहशत के साथ-साथ युवक की बहादुरी की चर्चा भी हो रही है.

Related Articles

Back to top button