धनतेरस-दीपावली से पहले एक्शन में बदायूं पुलिस, डीएम-एसएसपी ने बाजारों में किया पैदल मार्च
धनतेरस और दीपावली से पहले बदायूं के सहसवान में डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस को ट्रैफिक, पटाखा बाजार और रात की गश्त के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: त्योहारों की रौनक के बीच सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। धनतेरस और दीपावली से पहले बदायूं में इसी तैयारी के तहत अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने सहसवान के प्रमुख बाजारों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
सर्राफा बाजार से भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पैदल गश्त
डीएम और एसएसपी ने सहसवान नगर के प्रमुख बाजारों, सर्राफा बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को रोजाना फुट पेट्रोलिंग करने और बाजारों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जाम से निपटने के लिए चौराहों पर रहेगी पुलिस
त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
पटाखा बाजार का निरीक्षण, रात में भी सतर्कता के निर्देश
अधिकारियों ने पटाखा बाजार का निरीक्षण कर अग्निशमन विभाग को सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वहीं, रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और थाना मोबाइल वाहनों से लगातार गश्त करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा, सीओ अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: सिखों पर बयान को लेकर राहुल गांधी को राहत, हाई कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला



