अन्तर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार, 32 लाख का माल बरामद
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तर्राज्यीय चोरी/टप्पेबाजी गिरोह का पर्दाफाश किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तर्राज्यीय चोरी/टप्पेबाजी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 4 महिलाओं समेत 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 32 लाख रुपये की कीमत का माल, नकदी और दो चार पहिया वाहन बरामद किए गए है
पुलिस अधीक्षक बांदा के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में टीम ने मवई बाईपास महोबा रोड से आरोपियों को दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह हरियाणा और राजस्थान का रहने वाला है और चार पहिया वाहनों से देश के विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले स्थानों, मंदिरों और बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी रिक्शा और ऑटो में सफर के दौरान मौका देखकर पर्स और बैग से जेवरात व नकदी पार कर देते थे। चोरी के आभूषणों को गलाकर आपस में बांट लेते थे, जिससे पहचान मुश्किल हो जाती थी।
तिंदवारी क्षेत्र और संकट मोचन मंदिर के पास हुई टप्पेबाजी की घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हुई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 71.140 ग्राम सोना (लगभग 12 लाख रुपये), 803 ग्राम चांदी (लगभग 2.5 लाख रुपये), 32 हजार रुपये नकद, एक ग्रैंड विटारा और एक मारुति टूर-एस कार सहित 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कई राज्यों में वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य आपस में रिश्तेदार हैं और पेशेवर तरीके से अपराध करते हैं। त्योहारों के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने की फिराक में थे।
आगे की कार्रवाई पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं तथा किन-किन राज्यों में इन्होंने घटनाओं को अंजाम दिया है।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



