भजन लाल ‘नॉन-रेसिडेंट सीएम’: जूली

- सीएम की पीएम से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सीएम भजनलाल के दिल्ली दौरे को लेकर कहा- आज राजस्थान एक गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है, लेकिन सीएम जनता की पीड़ा समझने के बजाय नॉन-रेसिडेंट मुख्यमंत्री की भूमिका निभा रहे हैं। बता दें भजनलाल शर्मा का दिल्ली दौरा राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। नवरात्रि के पावन अवसर पर हुए इस दौरे के दौरान उनकी मुलाकात संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को चंदन की लकड़ी से बनी मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश भी दिया।
इस मुलाकात के बाद राजस्थान की राजनीति में संभावित फैसलों और नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जूली ने कहा कि राजस्थान की चिकित्सा और व्यवस्था लगभग ढह चुकी है, जनता का जीवन खतरे में है, लेकिन मुख्यमंत्री जी का एक पैर हमेशा दिल्ली में ही रहता है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री को कॉंफिडेंट होकर नेतृत्व करना चाहिए था और स्वास्थ्य मंत्री को इस संकट को सुलझाने के लिए निर्देश देने चाहिए थे। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के विजन की याद दिलाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो लोग तुलना की बात करते हैं, उन्हें एक बार अस्पतालों की जमीनी हकीकत देख लेनी चाहिए।
मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अटकलें भी तेज
दिल्ली दौरे के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन इसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात की, जिससे इस दौरे की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।



