छात्रों को आत्मघाती कदम से रोकने के लिए पहल, IIT कानपुर के हॉस्टलों में लगेगा नया सेफ्टी सिस्टम
संस्थान ने हॉस्टल के कमरों में लगे सीलिंग फैन में विशेष सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी डिवाइस) लगाने का फैसला किया है, ताकि आत्मघाती घटनाओं को रोका जा सके।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर Indian Institute of Technology Kanpur (IIT-K) ने अपने हॉस्टलों में छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। संस्थान ने हॉस्टल के कमरों में लगे सीलिंग फैन में विशेष सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी डिवाइस) लगाने का फैसला किया है, ताकि आत्मघाती घटनाओं को रोका जा सके।
पिछले दो वर्षों में संस्थान में आत्महत्या की कई घटनाओं के बाद यह निर्णय लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर के 23 IIT संस्थानों में हुई कुल घटनाओं में करीब 30% मामले अकेले IIT कानपुर से जुड़े रहे हैं।
नए सेफ्टी डिवाइस इस तरह डिजाइन किए गए हैं कि यदि पंखे पर तय सीमा से अधिक वजन डाला जाता है, तो अलार्म बजने लगता है, पंखा स्वतः नीचे की ओर झुक जाता है,इससे किसी भी प्रकार के खतरनाक प्रयास को रोका जा सकेगा। कमरों में लगी लोहे की पाइपें हटाई जा रही हैं, जिनका उपयोग छात्र कपड़े सुखाने के लिए करते थे, पुराने 3 हॉस्टल भवनों (करीब 1500 कमरों) में यह काम जारी है, सभी 14 हॉस्टलों में धीरे-धीरे ये डिवाइस लगाए जाएंगे
IIT कानपुर के निदेशक प्रो. मनींद्र अग्रवाल ने बताया कि यह कदम एक बाहरी समिति की सिफारिश पर उठाया गया है। उनका कहना है कि संस्थान छात्रों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। कुछ छात्रों ने इस पहल का समर्थन किया है और इसे “सुरक्षा के लिए जरूरी कदम” बताया है।
वहीं, कुछ अन्य छात्रों का मानना है कि केवल तकनीकी उपायों से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि संस्थान में मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक दबाव जैसे मुद्दों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
संस्थान प्रशासन ने बताया कि 24×7 काउंसलिंग हेल्पलाइन शुरू की जा रही है छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,यह पहल ऐसे समय में आई है जब कैंपस में छात्रों के मानसिक तनाव और आत्महत्या के मामलों को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



