उन्नाव में तेज रफ्तार का कहर! स्कॉर्पियो ने दो बाइकों को रौंदा, दो की मौके पर मौत
उन्नाव के बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को बांगरमऊ सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

4pm न्यूज नेटवर्क: उन्नाव जिले में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए।
सुरसैनी गांव के पास हुआ हादसा
यह हादसा उन्नाव के बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर सुरसैनी गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर दूसरी बाइक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें: 15 दिन में ही टूट गया गंगा पर बना पीपा पुल, वीडियो वायरल होते ही विधायक का PWD पर गुस्सा
दो बाइक सवारों की मौके पर मौत
हादसे में अलग-अलग बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
इस दुर्घटना में एक बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। डॉक्टरों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इलाके में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।
रिपोर्टर रंजन बाजपई “निडर”
यह भी पढ़ें: पहले छुपाई गई सच्चाई, फिर खुला राज! लखीमपुर में किशोर की मौत पर बड़ा बवाल



