इन चीजों के सेवन से बढ़ जाता है थायराइड

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
आजकल की भागदौड़ भरी जीवनशैली में थायराइड की समस्या एक आम बीमारी बन चुकी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में मौजूद कुछ हेल्दी दिखने वाली चीजें ही आपके थायराइड हार्मोन के काम में बाधा डाल सकती हैं? विशेषज्ञों के अनुसार ये खाने-पीने की पांच बड़ी गलतियां आपको हाइपोथायरायडिज्म का शिकार बना सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार जब हम कुछ खास खाद्य पदार्थों का गलत तरीके से या कच्चा सेवन करते हैं, तो वे शरीर में थायराइड हार्मोन के एक्शन को ब्लॉक करने लगते हैं। इससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और वजन बढऩे, थकान और हार्मोनल असंतुलन जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। थायराइड एक तितली के आकार की ग्रंथि है जो शरीर की ऊर्जा को नियंत्रित करती है, लेकिन गलत आहार इसे सक्रिय होने से रोकता है। इसलिए आहार में बदलाव करके इस समस्या को बढऩे से रोका जा सकता है।
जंक और प्रोसेस्ड फूड
बेकरी आइटम्स, पैकेट स्नैक्स और प्रोसेस्ड फूड थायराइड के बड़े दुश्मन हैं। डॉक्टर सोलंकी ने बताया कि इनमें मौजूद ट्रांस फैट और प्रिजर्वेटिव्स शरीर में इंफ्लेमेशन यानी सूजन बढ़ाते हैं। यह सूजन इम्यूनिटी पर बुरा असर डालती है, जिससे थायराइड ग्रंथि की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। स्वस्थ थायराइड के लिए पैकेट बंद फूड्स को अपनी डाइट से पूरी तरह बाहर करना ही बेहतर है।
कच्ची क्रूसिफेरस सब्जियां
अक्सर लोग वजन घटाने के लिए पत्ता गोभी, फूलगोभी और ब्रोकली जैसी क्रूसिफेरस सब्जियों का सलाद खाते हैं। डॉक्टर शालिनी के अनुसार इन सब्जियों को कच्चा खाना थायराइड के लिए खतरनाक हो सकता है। इनमें ग्वाइट्रोजेन्स होते हैं जो आयोडीन के अवशोषण को रोकते हैं। इन्हें हमेशा अच्छी तरह पकाकर या उबालकर ही खाएं, जिससे इनके हानिकारक तत्व निष्क्रिय हो जाएं और थायराइड ग्रंथि पर बुरा असर न पड़े।
सोया उत्पाद
सोया चंक्स, टोफू और अन्य सोया उत्पादों को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन हाइपोथायरायडिज्म के मरीजों के लिए यह हानिकारक हो सकते हैं। सोया में मौजूद आइसोफ्लेवोन्स थायराइड हार्मोन के उत्पादन में हस्तक्षेप करते हैं। खासकर कच्चा सोया या इसका अत्यधिक सेवन हार्मोनल संतुलन को बिगाड़ सकता है। अगर आपको थायराइड की समस्या है, तो सोया उत्पादों के सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
आयोडीन और चीनी
आयोडीन थायराइड के लिए जरूरी है, लेकिन इसकी अति नुकसानदेह है। जरूरत से ज्यादा आयोडीन या आयोडाइड साल्ट का सेवन थायराइड फंक्शन को ब्लॉक कर सकता है। इसी तरह अत्यधिक चीनी, मिठाई और कोल्ड ड्रिंक से इंसुलिन रेसिस्टेंस बढ़ता है, जो सीधे थायराइड हार्मोन के मार्ग को बाधित करता है। चीनी का सेवन कम करके आप अपने थायराइड को फिर से सक्रिय बना सकते हैं।
बचने के उपाय
यह परामर्श उन लोगों के लिए बेहद जरूरी है जो थायराइड की दवाओं के बावजूद सुधार महसूस नहीं कर रहे हैं। अपने आहार में इन पांच चीजों को संतुलित करें और कच्ची सब्जियों के बजाय पका हुआ भोजन अपनाएं। नियमित व्यायाम और सही खान-पान ही थायराइड को नियंत्रित करने की असली कुंजी है। ध्यान रखें छोटी-छोटी सावधानियां आपको जीवनभर दवाओं के बोझ से बचा सकती हैं।



