रील बनाते समय चली गोली, 17 साल के किशोर की दर्दनाक मौत… वायरल हुआ लाइव वीडियो

लखीमपुर खीरी के सुआगाड़ा गांव में रील बनाते समय चली गोली से 17 वर्षीय किशोर अंश की मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

4pm न्यूज नेटवर्क: सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज कई बार जानलेवा भी साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां रील बनाते समय चली गोली ने 17 साल के किशोर की जान ले ली। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

रील बनाते समय चली गोली, किशोर की गई जान

मामला सुआगरा गांव का है, जो सदर कोतवाली क्षेत्र में आता है। जानकारी के मुताबिक 30 मार्च को 17 वर्षीय अंश अपने कुछ दोस्तों के साथ था। इसी दौरान वहां तमंचे का ट्रायल किया जा रहा था और रील बनाने की तैयारी भी चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक तमंचे से गोली चल गई, जो सीधे अंश के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वहां मौजूद दोस्तों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

पहले स्थानीय अस्पताल, फिर लखनऊ रेफर

घटना के बाद दोस्तों ने घायल अंश को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में नौरंगाबाद स्थित मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया। जब वहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप – दोस्तों ने छिपाई सच्चाई

मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद दोस्तों ने असली बात छिपाने की कोशिश की। परिवार का कहना है कि शुरुआत में उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी गई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। परिजनों के मुताबिक, अगर समय पर सही जानकारी मिलती और तुरंत इलाज होता तो शायद अंश की जान बच सकती थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लाइव वीडियो

इस पूरे मामले ने नया मोड़ तब लिया जब शनिवार 4 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई और लोग इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर रील बनाते समय की पूरी स्थिति दिखाई दे रही है, जिसके बाद यह मामला और गंभीर हो गया है।

पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि गोली कैसे चली और इसके पीछे किसकी लापरवाही थी।

बढ़ता रील क्रेज और खतरनाक स्टंट

पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया पर रील और शॉर्ट वीडियो बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। कई युवा लाइक्स और व्यूज के लिए खतरनाक स्टंट करने से भी नहीं हिचकते। विशेषज्ञों का कहना है कि हथियारों या खतरनाक चीजों के साथ वीडियो बनाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है और कई बार यह जानलेवा भी साबित हो जाता है।

यह भी पढ़ें: कार में पुलिस की वर्दी, बेल्ट और कैप! कौन है कानपुर सेक्स रैकेट का मास्टरमाइंड रोहित वर्मा?

Related Articles

Back to top button