मिर्जापुर में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बर्बाद, खेतों में बिछी बालियां
मिर्जापुर जिले में हुई तेज ओलावृष्टि और आंधी ने गेहूं की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर जिले में हुई तेज ओलावृष्टि और आंधी ने गेहूं की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है।
खासकर लालगंज तहसील क्षेत्र के बरडीहा, निनवार उत्तर, सौरेह और मेढरा गांवों में हालात बेहद गंभीर हैं। कुछ घंटे पहले तक लहलहाती फसल अब खेतों में गिरी हुई नजर आ रही है।
बरडीहा गांव के किसानों—दयाशंकर मिश्र, रामपाल दुबे, कमलेश दुबे, गौरी शंकर मिश्रा, लालमणि पांडे, रमेश कुमार मिश्रा और सूर्यमणि मिश्रा—की गेहूं की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। ओलों की मार से बालियां टूटकर जमीन पर बिखर गई हैं।
निनवार उत्तर गांव में भी स्थिति कुछ अलग नहीं है। यहां के लालमन पटेल, आद्या पटेल, बऊ पटेल और श्यामकांत पटेल के खेतों में तेज हवा और ओलों के कारण फसल पूरी तरह गिर गई है।
सौरेह गांव के रामजी पाल, कन्हैयालाल पाल, केशव पाल, रामचरित्र पाल और कालीचरण पाल की फसल भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। खेतों में गिरी फसल पर ओलों की परत जमने से दानों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
मेढरा गांव के धर्मराज पांडे, राकेश पांडे और चिंतामणि दुबे के अनुसार, ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी फसल जमीन पर गिर गई। कई जगहों पर बालियां टूटकर अलग हो गई हैं और खेतों में पानी भरने से सड़न की स्थिति बन रही है।
क्षेत्र के अधिकांश खेतों में गेहूं की फसल या तो पूरी तरह गिर चुकी है या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर



