असम CM के बयान पर बांदा में बवाल, कांग्रेसियों ने फूंका पुतला, जमकर हुई नारेबाजी
बांदा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान के खिलाफ पुतला फूंककर विरोध किया। खड़गे और राहुल गांधी पर टिप्पणी से नाराज कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया, पुलिस रही मौके पर तैनात।

4pm न्यूज नेटवर्क: राजनीति में बयानबाजी अक्सर आग भड़काने का काम करती है, और इस बार मामला असम से उठकर उत्तर प्रदेश के बांदा तक पहुंच गया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा के एक बयान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के अशोक लाट तिराहे पर कांग्रेसियों ने उनका पुतला फूंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान माहौल काफी गर्म नजर आया और नारेबाजी भी तेज रही।
कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी बनी विवाद की जड़
प्रदर्शन की अगुवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि असम मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसे पार्टी कतई स्वीकार नहीं करेगी। राजेश दीक्षित ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है और कांग्रेस कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
“योगी-मोदी मुर्दाबाद” के लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न केवल असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाए, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार को भी निशाने पर लिया। “योगी-मोदी मुर्दाबाद” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। यह विरोध प्रदर्शन उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के आवाहन पर आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
पुलिस रही मुस्तैद, हालात पर रखी नजर
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन उग्र जरूर था, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही और किसी तरह की बड़ी घटना सामने नहीं आई।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के हालिया बयान को कांग्रेस ने अपमानजनक और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है। इसी के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करने का निर्देश दिया गया था, जिसके तहत बांदा में भी यह विरोध देखने को मिला।
बांदा में हुआ यह प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि राजनीतिक बयानबाजी किस तरह जमीनी स्तर पर असर डालती है। आने वाले समय में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है, खासकर जब दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज होती जा रही है।
रिपोर्ट- इकबाल खान
यह भी पढ़ें: शादी में घुसा ‘नकली मेहमान’ और ले उड़ा जेवरों से भरा बैग! कानपुर में सनसनी



