बांदा में जलभराव से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

बांदा के अतर्रा क्षेत्र में जलभराव और नाले पर अतिक्रमण से परेशान ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। नाले की सफाई, पुल निर्माण और राशन दुकान आरक्षण की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बुंदेलखंड के सूखा प्रभावित इलाकों में जहां पानी की कमी आम बात मानी जाती है, वहीं अब पानी की अधिकता भी लोगों के लिए संकट बनती जा रही है। बांदा जिले के अतर्रा तहसील क्षेत्र में इन दिनों जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। परेशान ग्रामीणों ने आखिरकार प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

नाले पर अतिक्रमण बना मुसीबत की जड़

अतर्रा तहसील के ग्राम पंचायत चौसढ़ के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से गुजरने वाले पुराने नाले पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। इसी वजह से बरसात का पानी अपने प्राकृतिक रास्ते से नहीं निकल पा रहा है। परिणामस्वरूप चौसढ़ समेत आसपास के तीन गांवों में लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले यही नाला खेतों और आबादी से पानी निकालने का मुख्य जरिया था, लेकिन रास्ता बंद होने से अब पानी खेतों और घरों में भर जाता है। इससे फसलों को नुकसान हो रहा है और लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी चलाना भी चुनौती बन गया है।

डीएम से लगाई गुहार, तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में साफ तौर पर मांग की है कि नाले से अतिक्रमण हटवाकर पानी की निकासी सुनिश्चित कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले मानसून में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

राशन दुकान और पुल निर्माण की भी उठी मांग

जलभराव के अलावा ग्रामीणों ने अन्य स्थानीय समस्याओं को भी प्रशासन के सामने रखा। उन्होंने सरकारी गल्ला दुकान को अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित करने की मांग की, ताकि जरूरतमंद वर्ग को प्राथमिकता मिल सके। इसके साथ ही अतर्रा-ओरन मार्ग पर पुल निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि पुल न होने के कारण आवागमन में काफी दिक्कत होती है, खासकर बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है।

रिपोर्ट -इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: शादी से लौट रहे बाइक सवारों को ट्रेलर ने कुचला, 2 की मौत, एक गंभीर

Related Articles

Back to top button