चाय पी रहा था ड्राइवर… पीछे ट्रक बन गया आग का गोला, मिर्ज़ापुर हाईवे पर मचा हड़कंप

मिर्ज़ापुर के वाराणसी-रीवा हाईवे पर एक ट्रक में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। चालक चाय पीने के लिए नीचे उतरा था, जिससे उसकी जान बच गई। दमकल ने आग पर काबू पाया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  सुबह का वक्त, सड़क पर सामान्य आवाजाही और एक ट्रक अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा था। लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात ऐसे बदले कि ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि चालक समय रहते नीचे उतर चुका था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

हाईवे पर अचानक लगी आग, मचा हड़कंप

मिर्ज़ापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-रीवा हाईवे पर तुलसी गांव के पास बुधवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक कुछ ही पलों में धूं-धूं कर जलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

चाय पीने उतरा चालक, बची जान

जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक लुकमान (प्रतापगढ़ निवासी) उस समय चाय पीने के लिए नीचे उतरा हुआ था। चाय पीने के बाद जैसे ही वह ट्रक के पास पहुंचा और दरवाजा खोला, तभी अंदर से आग की लपटें उठने लगीं। चालक के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में पूरे ट्रक में फैल गई।

पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र जा रहा था ट्रक

ट्रक पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र की ओर जा रहा था और उसमें एल्युमिनियम (डायनामाइट जैसी सामग्री) लदी हुई थी। ऐसे में आग लगने से खतरा और बढ़ सकता था, लेकिन समय रहते चालक के दूर होने से बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। लहंगपुर पुलिस चौकी प्रभारी सुजीत सेठ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का बड़ा हिस्सा जल चुका था। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर चलने वाले भारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शॉर्ट सर्किट जैसी छोटी तकनीकी खराबी भी बड़े हादसे में बदल सकती है।

यह भी पढ़ें: उन्नाव में नए डीएम की एंट्री, आते ही अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

Related Articles

Back to top button