हमीरपुर में शादी वाले घर में गूंजी चीखें, 100 की रफ्तार से आ रही कार ने खत्म कर दी 3 जिंदगियां, बाइक को मारी भीषण टक्कर

हमीरपुर। हमीरपुर में एक तेज रफ्तार कार ने खुशियों भरे माहौल को गम में बदल दिया। चचेरी बहन की शादी की तैयारियों में जुटी ब्लॉक सचिव की बेटी और उसके दो लोगों की बाइक को 100 किमी की स्पीड से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में तीनों की मौत हो गई।
शादी वाले घर में उस समय चीत्कार गूंज उठी। जब चचेरी बहन की शादी में लहंगा बुक करने गई सचिव की पुत्री समेत तीन लोगों को सौ किमी की रफ्तार से दौड़ रही कार ने जोरदार टक्कर मारी दी। इस घटना में दुल्हन की चचेरी बहन और गोहांड ब्लाक में सचिव के पद पर तैनात देवीदीन कुशवाहा की पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उसके साथ मौजूद एक अन्य युवती की उरई और बाइक चालक की कानपुर ले जाते समय मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया और जहां शहनाइयों की आवाज गूंजने वाली थी। उस घर की दीवारें चीत्कार से गूंज उठी। कार सवार घटना स्थल से करीब तीन किमी. दूर चिरवा गांव के पास कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को बरामद कर सचिव की पुत्री के शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।



