लखीमपुर खीरी में मुंडन कार्यक्रम बना मातम, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 की मौत, कई गंभीर
लखीमपुर खीरी में मुंडन कार्यक्रम के लिए मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। 5 लोगों की मौत और 15 लोग घायल हुए हैं। बहराइच के कारीकोट मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: खुशियों और धार्मिक आस्था से भरा एक सफर कुछ ही पलों में दर्दनाक हादसे में बदल गया। मुंडन कार्यक्रम के लिए मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।
मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, ट्रॉली में लगभग 50 लोग सवार थे, जो मुंडन कार्यक्रम के सिलसिले में बहराइच स्थित कारीकोट मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी लोग लखीमपुर खीरी के शारदानगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। परिवार में धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह था, लेकिन रास्ते में अचानक हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
पढ़ुआ थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह दर्दनाक दुर्घटना पढ़ुआ थाना क्षेत्र में बोझिया पम्प और औघड़ बाबा के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली में सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से कई घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
5 लोगों की मौत, 9 की हालत गंभीर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 9 की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया ट्रॉली के असंतुलित होने या अधिक सवारी के कारण दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्ट – अक्षय श्रीवास्तव
यह भी पढ़ें: उन्नाव सड़क हादसा: पौत्री के मुंडन का कार्ड बांटने निकले वृद्ध की दर्दनाक मौत, खुशियां मातम में बदलीं



