जीत की लय हासिल करना चाहेगी आरसीबी

  • घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस से मुकाबला आज

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बंगलूरू। आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच आज आईपीएल 2026 का 34वां मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। मौजूदा चैंपियन आरसीबी ने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज की। इसके बाद उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। अगले दो मुकाबले मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के विरुद्ध जीतने के बाद इस टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस सीजन में अपने घर पर पहली हार का सामना करने के बावजूद आरसीबी आईपीएल 2026 की बेहतरीन टीमों में से एक रही है।
यह टीम एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने आखिरी घरेलू मैच में जोरदार वापसी करने का लक्ष्य रखेगी। क्योंकि उसे अब अपने अधिकतर मैच विरोधी टीम के मैदान पर खेलने हैं। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लगातार दो मुकाबले गंवाने के बाद गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले जीते। इसके बाद उसे मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 99 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ उनकी लगातार तीन जीत का सिलसिला टूट गया। यह टीम जल्द से जल्द वापसी करने के लिए बेताब होगी। हालांकि, आईपीएल के सबसे चुनौतीपूर्ण मैदानों में से एक पर जीत हासिल करना उनके लिए एक बड़ी परीक्षा होगी। आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक का आमने-सामने का रिकॉर्ड बराबरी का रहा है। अब तक खेले गए छह मुकाबलों में दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम इस मैच में बाजी मारकर आगे निकलती है।

मुंबई के खिलाफ चेन्नई की सबसे बड़ी जीत

मुंबई। संजू सैमसन की तूफानी शतकीय पारी के बाद अकील होसेन की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रनों से हरा दिया। गुरुवार को वानखेड़े में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 19 ओवर में 104 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। चेन्नई की टीम आईपीएल में मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई। दोनों टीमों के बीच खेले गए 40 मैचों में चेन्नई की यह 19वीं जीत है। इस मामले में दूसरे स्थान पर पंजाब किंग्स है, जिसने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 बार जीत दर्ज की है। तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर क्रमश: दिल्ली कैपिटल्स (17), आरसीबी (16) और राजस्थान रॉयल्स (15) मौजूद हैं। इसके अलावा यह चेन्नई की रनों के अंतर से आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ और ओवरऑल सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने 2015 में किंग्स इलेवन पंजाब को 97 रनों से चेपॉक में हराया था।

Related Articles

Back to top button