उन्नाव में जमीन विवाद ने ली खौफनाक मोड़: बेटे ने पिता की चापड़ से हत्या, गांव में सनसनी

उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 1 बिस्वा जमीन बेचने को लेकर बेटे ने अपने पिता की चापड़ से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः उन्नाव से सामने आई यह घटना रिश्तों के टूटते भरोसे की एक भयावह तस्वीर पेश करती है। जिस घर में पिता-बेटे का रिश्ता सुरक्षा और सहारे का प्रतीक होता है, वहीं जमीन के छोटे से टुकड़े को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।

यह सनसनीखेज घटना उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बगहा गांव की है। यहां 53 वर्षीय गंगाप्रसाद की उनके ही बेटे ने चापड़ से हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में करीब 1 बिस्वा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि गंगाप्रसाद उस जमीन को बेचना चाहते थे, जबकि उनका बेटा धर्मेंद्र इसका विरोध कर रहा था।

विवाद से हत्या तक कैसे पहुंचा मामला?

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन इसी मुद्दे पर पिता और बेटे के बीच कहासुनी हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने चापड़ से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि गंगाप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी बेटे धर्मेंद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

बढ़ते पारिवारिक विवाद, गंभीर संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि जमीन और संपत्ति को लेकर होने वाले पारिवारिक विवाद अब कई बार हिंसक रूप ले रहे हैं। ऐसे मामलों में संवाद की कमी और गुस्से पर नियंत्रण न होना बड़ी वजह बनता है। उन्नाव की यह घटना भी इसी कड़ी का एक गंभीर उदाहरण है, जहां एक छोटे से जमीन विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए तोड़ दिया।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में पिस्टल लहराकर डांस करने का वीडियो वायरल, पुलिस ने युवक को भेजा जेल; जांच में निकली टॉय गन

Related Articles

Back to top button