बांदा में विधायक पल्लवी पटेल के काफिले की कार खाई में गिरी, दो घायल, विधायक सुरक्षित
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया,
जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के काफिले में शामिल एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि विधायक पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही हैं।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक पल्लवी पटेल बबेरू में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौंसन गांव में दूसरी बैठक के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सिमौनी गांव के पास भारी जाम लग गया, जिससे काफिले को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया।
संकरी सड़क बनी हादसे की वजह
काफिला मौनी धाम रोड से होकर गुजर रहा था, जो काफी संकरा बताया जा रहा है। जैसे ही काफिला जमुवा मरका के पास पहुंचा, उसमें शामिल एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जाम के कारण जल्दबाजी, संकरी सड़क और चालक का नियंत्रण खोना इस दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है।
दो लोग घायल, हालत स्थिर
हादसे में कार चालक प्रयागराज के शाहपुर निवासी 26 वर्षीय नूर आलम को सिर और हाथ में चोटें आईं। वहीं नरैनी के लालपुर निवासी 32 वर्षीय अटल पटेल भी घायल हो गए।
काफिले में मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत तिंदवारी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत को खतरे से बाहर बताते हुए उन्हें छुट्टी दे दी।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
घटना की सूचना मिलते ही विधायक पल्लवी पटेल भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की पूरी जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।
कुछ देर रुका काफिला, फिर हुआ रवाना
दुर्घटना के बाद काफिला कुछ समय के लिए घटनास्थल पर रुका रहा। स्थिति सामान्य होने के बाद काफिला अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



