केस्को की नई एमडी नेहा जैन का बड़ा ऐलान, अब प्रीपेड नहीं पोस्टपेड होंगे स्मार्ट मीटर
कानपुर में KESCO की नई एमडी नेहा जैन ने बड़ा ऐलान किया है। अब स्मार्ट मीटर प्रीपेड नहीं बल्कि पोस्टपेड सिस्टम पर चलेंगे। बिजली सप्लाई, उपभोक्ता सेवाओं और बिजली चोरी रोकने को लेकर भी नई रणनीति बनाई गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में बिजली व्यवस्था को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों और उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच अब केस्को (KESCO) की नई प्रबंध निदेशक (MD) नेहा जैन ने बड़ा संदेश दिया है। तेजतर्रार आईएएस अधिकारी ने पदभार संभालते ही साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकता शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार और बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई होगी। नई एमडी ने स्मार्ट मीटर, पोस्टपेड व्यवस्था, बिजली शिकायतों और नए कनेक्शन को लेकर कई अहम घोषणाएं की हैं, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की चिंता पर क्या बोलीं नेहा जैन?
कानपुर में पिछले कुछ महीनों से स्मार्ट मीटर में ज्यादा बिल आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। कई उपभोक्ताओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर सामान्य से ज्यादा रीडिंग दिखा रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केस्को एमडी नेहा जैन ने कहा कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह पारदर्शी और सटीक हैं। उनकी विश्वसनीयता जांचने के लिए करीब 700 “चेक मीटर” लगाए गए थे, जिनकी रिपोर्ट संतोषजनक रही। अगर फिर भी किसी उपभोक्ता को संदेह है तो वह 1912 हेल्पलाइन के जरिए निर्धारित शुल्क जमा कर अपने घर या प्रतिष्ठान पर चेक मीटर लगवा सकता है।
अब प्रीपेड नहीं, पोस्टपेड होंगे स्मार्ट मीटर
नेहा जैन ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि शासन की नई नीति के अनुसार अब सभी स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड व्यवस्था से हटाकर पोस्टपेड सिस्टम में बदला जाएगा। सबसे खास बात यह है कि इसके लिए उपभोक्ताओं को नया मीटर नहीं लगवाना पड़ेगा। मौजूदा स्मार्ट मीटर में ही सॉफ्टवेयर और बिलिंग सिस्टम अपडेट कर पोस्टपेड व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी से राहत मिल सकती है।
गर्मी में बिजली सप्लाई पर रहेगा फोकस
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच कानपुर में बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। एसी और कूलर के बढ़ते उपयोग के कारण कई इलाकों में ओवरलोडिंग की समस्या भी सामने आती है। इस पर नई एमडी ने कहा कि शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फाल्ट या ट्रिपिंग जैसी समस्याओं पर तेजी से कार्रवाई की जाएगी। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए उपभोक्ता 1912 और 1800-419-1912 टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नए बिजली कनेक्शन होंगे आसान
केस्को एमडी ने यह भी कहा कि नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को और सरल तथा समयबद्ध बनाया जाएगा। लोगों को दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ें, इसके लिए ऑनलाइन प्रक्रियाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।
बिजली चोरी पर जीरो टॉलरेंस
पूर्व एमडी अनिल ढींगरा के कार्यकाल में फर्जी मीटर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई थी। अब नेहा जैन ने भी साफ संकेत दे दिए हैं कि बिजली चोरी और लापरवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत होगी वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि कानपुर की बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
उपभोक्ता सेवाओं में सुधार सबसे बड़ी प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद नेहा जैन ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान और शहर की बिजली व्यवस्था में लगातार सुधार करना है। कानपुर जैसे बड़े औद्योगिक शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति न सिर्फ आम लोगों बल्कि व्यापार और उद्योगों के लिए भी बेहद जरूरी मानी जाती है। ऐसे में नई एमडी के फैसलों पर अब पूरे शहर की नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: पानी की बोतलों में ‘जहर’ बनाकर बेच रहे थे मिलावटी शराब, बांदा पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा



