मिर्जापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। यह हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां दोनों युवक बाइक से गुजर रहे थे। तभी अचानक किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हाईवे पर मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पीआरवी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मी संजीव यादव ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
शव कब्जे में लेकर जांच शुरू
पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
तेज रफ्तार और लापरवाही फिर बनी हादसे की वजह?
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से इस मार्ग पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान व उसके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
इलाके में शोक का माहौल
घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन होने वाले सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: रात में पुलिस छावनी बना सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का घर! कानपुर में बढ़ा सियासी पारा



