पर्पल कैप पर भुवनेश्वर का दावा मजबूत

- ऑरेंज कैप की दौड़ में क्लासेन-सुदर्शन के बीच कड़ी टक्कर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल का सीजन अब समापन की ओर बढ़ रहा है। लीग चरण खत्म होने को है जिसके बाद प्लेऑफ मुकाबले खेले जाएंगे। इस सीजन भी बल्लेबाजों का दम देखने को मिला है। वहीं इस सीजन गेंदबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया है। जहां भुवनेश्वर कुमार का पर्पल कैप पर कब्जा बरकरार है। वह इस सीजन अब तक खेले 12 मुकाबलों में 22 विकेट निकाल चुके हैं। वही, गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा 21 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 12 मुकाबलों में 19 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
वहीं, राशिद खान 16 विकेट के साथ चौथे नंबर पर काबिज हैं। एलएसजी के प्रिंस यादव 16 विकेट पांचवें और कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से इस सीजन खेल रहे कार्तिक त्यागी 16 विकेट लेकर छठे पायदान पर हैं। वहीं ऑरेंज कैप की दौड़ दिलचस्प हो गई है फिलहाल इस रेस में हेनरिक क्लासेन और साई सुदर्शन सबसे आगे चल रहे हैं। क्लासेन 12 मुकाबलों में 153 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 508 रन बना चुके हैं। वहीं, साई सुदर्शन 501 रन बनाकर लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। विराट कोहली 12 मुकाबलों में 165 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 484 रन बना चुके हैं और वह तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 12 मुकाबलों में 481 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं। केएल राहुल 477 रनों के साथ पांचवें नंबर पर बने हुए हैं। मार्श ऑरेंज कैप की रेस में छठे नंबर पर हैं। सीएसके की ओर से 20 रनों की पारी खेलने वाले संजू सैमसन आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। सैमसन इस सीजन 12 मुकाबलों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 450 रन बना चुके हैं।
चेन्नई की प्लेऑफ की डगर हुई मुश्किल
लखनऊ। आकाश सिंह की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शतकीय साझेदारी के दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने कार्तिक शर्मा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 20 गेंदों के शेष रहते तीन विकेट पर 188 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 17वें ओवर की चार गेंदों पर पूरन ने लगातार चार छक्के ठोककर लखनऊ को जीत दिलाई। इस हार के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। टीम छठे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गई है। टॉप-4 में आरसीबी, गुजरात, हैदराबाद और पंजाब की टीमें हैं।



