22 मई तक मिर्जापुर में गर्मी का प्रकोप, प्रशासन ने बताए बचाव के उपाय

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मिर्जापुर में 22 मई 2026 तक भीषण गर्मी और हीट वेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर जनपद में बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने हीट वेव एवं लू प्रकोप को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) लखनऊ द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मिर्जापुर में 22 मई 2026 तक भीषण गर्मी और हीट वेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।

इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पवन कुमार गंगवार ने आम जनमानस से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर हीट वेव और लू के खतरे से बचा जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से प्रतिदिन ऑडियो क्लिप चलाकर लोगों को हीट वेव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे इन संदेशों पर ध्यान दें और खुद को सुरक्षित रखें।

प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और प्यास लगने का इंतजार न करें। घर से बाहर निकलते समय सिर को गमछे, टोपी या कपड़े से ढककर रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर छाते का उपयोग करें। हल्के रंग और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रहे।

यदि कोई व्यक्ति खुले में काम करता है तो उसे समय-समय पर शरीर को गीले कपड़े से पोछने और सिर को ढककर रखने की सलाह दी गई है। यात्रा के दौरान पानी साथ रखने, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने को भी कहा गया है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। जिला प्रशासन ने लोगों को हीट स्ट्रोक और लू के लक्षणों के प्रति भी जागरूक किया है। कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, अत्यधिक पसीना, उबकाई, बेहोशी, तेज पल्स और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि लोग अपने घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दों का इस्तेमाल करें और शाम या रात के समय कुछ देर के लिए खिड़की-दरवाजे खोल दें ताकि ताजी हवा का संचार हो सके। कार्यस्थलों पर पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध रखने और कर्मचारियों को सीधी धूप से बचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और अत्यधिक श्रम वाले कार्यों से बचें। बच्चों और जानवरों को बंद खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ने की चेतावनी दी गई है। साथ ही अधिक प्रोटीनयुक्त, बासी एवं संक्रमित खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा अल्कोहल, चाय और कॉफी का सेवन कम करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य विभाग या प्रशासन से संपर्क करें।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर
https://youtu.be/fEpChm3s4_o?si=ua1wUtBXAXttiSXS

Related Articles

Back to top button