दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार

  • राजस्थान को पांच विकेट से हराया, तालिका में चेन्नई को भी हुआ फायदा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। मिचेल स्टार्क की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने ध्रूव जुरेल और रियान पराग की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन बनाए।
जवाब में दिल्ली ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 197 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। आखिर में आशुतोष शर्मा ने उपयोगी पारी खेली। वह पांच गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। अक्षर पटेल भी 18 गेंदों में 34 रन बनाकर अंत तक क्रीज पर डटे रहे। राजस्थान पर जीत के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है। अब टीम की नजरें अपना बाकी बचा एक मुकाबला जीतने पर होंगी। यह मैच 24 मई को कोलकाता में केकेआर के खिलाफ खेला जाएगा। वहीं, अक्षर पटेल के नेतृत्व वाली टीम 12 अंक के साथसातवें स्थान पर है। वहीं, दिल्ली की जीत ने चेन्नई को भी फायदा पहुंचाया है। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स छठ स्थान पर खिसक गई है जबकि चेन्नई पांचवें पायदान पर पहुंच गई। दोनों टीमों के खाते में 12-12 अंक हैं और नेट रन रेट भी +0.027 ही है।

11वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंची आरसीबी

धर्मशाला। बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराया। इसके साथ ही आरसीबी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में आठ विकेट पर 199 रन ही बना सकी। पंजाब किंग्स की यह लगातार छठी हार है और उसके लिए अब प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। आरसीबी ने इस तरह 11वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है। आरसीबी ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष पर अपना दबदबा मजबूत कर लिया है। आरसीबी के 13 मैचों में नौ जीत और चार हार के साथ 18 अंक हैं और उसने आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वहीं, लगातार छह हार के बाद भी पंजाब की टीम चौथे स्थान पर मौजूद है। पंजाब के 13 मैचों में छह जीत, छह हार और एक बेनतीजा के साथ 13 अंक हैं। हालांकि, उसे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए ना सिर्फ अपना आखिरी मैच जीतना होगा, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।

Related Articles

Back to top button