शादी के 13 दिन बाद प्रेमी संग पेड़ पर लटकी मिली नवविवाहिता, गांव में मचा कोहराम

बांदा के अधाव गांव में शादी के महज 13 दिन बाद नवविवाहिता और उसके प्रेमी के शव पेड़ से लटके मिले। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बाँदा जिले से एक दर्दनाक प्रेम कहानी का अंत सामने आया है। मर्का थाना क्षेत्र के अधाव गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक पेड़ से युवक और नवविवाहिता के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीण भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती की शादी महज 13 दिन पहले हुई थी। ऐसे में घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

रात में सज-धज कर घर से निकली थी युवती

परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात युवती अचानक सज-धज कर घर से निकली थी। परिवार वालों को लगा कि वह किसी जरूरी काम से बाहर गई है, लेकिन देर रात तक वापस न लौटने पर चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग जब खेतों की ओर गए तो उन्होंने गांव के बाहर पेड़ से युवक और युवती के शव लटकते देखे। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

7 मई को हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार युवती का विवाह 7 मई को हुआ था। शादी के बाद वह कुछ दिन पहले अपने मायके आई हुई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवती का गांव के ही एक युवक से पहले से प्रेम संबंध था। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मनपसंद शादी न होने और सामाजिक दबाव के कारण दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही मर्का थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी हुई है।

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद अधाव गांव में मातम का माहौल है। शादी के कुछ ही दिनों बाद नवविवाहिता की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। गांव के लोग इसे बेहद दुखद और दर्दनाक घटना बता रहे हैं। यह मामला एक बार फिर रिश्तों, सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लेकर आया है, जिन पर समाज को गंभीरता से सोचने की जरूरत है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: 24 घंटे में हत्या और लूट की वारदातों से दहला उन्नाव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button