खाने के शौकीन हैं तो इन देशों की करें यात्रा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अगर आप घूमने के साथ-साथ अलग-अलग स्वादों का मजा लेना पसंद करते हैं, तो दुनिया में कई ऐसे देश हैं जो अपने खाने की वजह से प्रसिद्ध हैं। हर देश का खाना उसकी संस्कृति, इतिहास और लोगों की पहचान बताता है। कहीं मसालों की खुशबू है, तो कहीं चीज़ और वाइन का जादू महसूस किया जा सकता है। अधिकतर यात्री जहां भी घूमने के लिए जाते हैं, वहां का स्थानीय स्वाद चखना पसंद करते हैं। हालांकि खाने का शौक रखने वाले, ऐसी जगहों की चयन करें, जो अपने स्वाद के लिए ही मशहूर हैं। फूड ट्रैवल न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि आपको नई संस्कृति और लोगों से जोड़ता है। खाने के जरिए किसी देश को समझना सबसे मज़ेदार तरीका है।
थाईलैंड
थाई फूड अपने यूनिक फ्लेवर कॉम्बिनेशन के लिए जाना जाता है। यहां तीखा, खट्टा और मीठा फ्लेवर का खास स्वाद चखने को मिलता है। यहां का लोकप्रिय खाना पड थाई है। यह एक स्टिर-फ्राइड राइस नूडल डिश है, जो कि थाईलैंड का राष्ट्रीय नूडल व्यंजन है। टॉम यम सूप एक गर्म और खट्टा थाई सूप है। ग्रीन करी थाई व्यंजनों की सबसे प्रसिद्ध करी है, जो कि नारियल के दूध, हरी मिर्च और जड़ी-बूटियों के पेस्ट से बनी बनाई जाती है। बैंकॉक का स्ट्रीट फूड दुनियाभर में मशहूर है।
फ्रांस
फ्रांस का खाना अपनी प्रेजेंटेशन और टेस्ट के लिए जाना जाता है। यह लग्जरी और रोमांटिक खाने में शामिल है। फ्रांस का फेमस फूड क्रोइसैन्ट है जो एक तरह की अर्ध चंद्राकार फ्रांसीसी पेस्ट्री है। चीज़ दूध से बना पौष्टिक, प्रोटीन-युक्त खाद्य पदार्थ है। मैकरॉन जो बादाम के आटे और चीनी से बनी कुरकुरी, रंगीन फ्रांसीसी मिठाई है जिसमें क्रीम भरी होती है। पेरिस की बेकरीज़ फूड लवर्स के लिए जन्नत
हैं।
भारत
भारत को स्वादों का खजाना कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यहां मसालों की जादुई दुनिया देखने को मिलती है। यहां के मशहूर व्यंजन बटर चिकन, बिरयानी डोसा और छोले भटूरे हैं। भारत में हर राज्य का खाना अलग स्वाद देता है।
इटली
इटली का नाम आते ही पिज़्ज़ा और पास्ता याद आ जाते हैं। हम अपने देश में भले ही आसानी से पिज्जा और पास्ता खा सकते हैं, लेकिन इसका असली और पारंपरिक स्वाद इटली में चखने को मिलता है। यहां का मशहूर खाना वुड-फायर्ड पिज़्ज़ा, पास्ता और जेलाटो है। रोम और नेपल्स में स्ट्रीट फूड जरूर ट्राय करें।
जापान
जापानी खाना हेल्दी और टेस्ट में लाजवाब होता है। यहां के मशहूर व्यंजन सुशी है जो मुख्य रूप से चावल से बनने वाली इस डिश में सिरका मिला होता है। रामेन एक जापानी सूप नूडल डिश है। टेम्पुरा पकौड़ा का जापानी रूप भी माना जा सकता है। जिसमें सब्जी या सीफूड को मैदे और अंडे के घोल में डूबोकर डीप फ्राई करते हैं। टोक्यो के फूड मार्केट जरूर एक्सप्लोर करें।



