प्लेऑफ में चौथे स्थान के लिए 3 टीमों में जंग!

- राजस्थान की अगली जीत से पंजाब और केकेआर हो जाएंगे बाहर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढक़र बोल रहा है। फिलहाल लीग स्टेज अपने अंतिम चरण में है और इस स्टेज के छह मुकाबले बाकी हैं। अब तक तीन टीमों ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है, जिनमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद शामिल हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स रेस से बाहर हो चुकी हैं।
अब प्लेऑफ में बाकी बचे एक स्थान के लिए पांच टीमों के बीच जंग है। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराकर बाकी चार टीमों की सांसें अटका दी हैं। राजस्थान अगर अपना अगला मैच जीतता है तो बाकी सभी टीमों के समीकरण धरे के धरे रह जाएंगे। हालांकि, अगर राजस्थान की टीम हारती है तो इससे समीकरण और दिलचस्प हो जाएगा। लखनऊ के खिलाफ मिली जीत से राजस्थान की टीम टॉप-4 में पहुंच गई। इस जीत के बाद अब राजस्थान रॉयल्स की किस्मत पूरी तरह उनके अपने हाथ में है। अगर राजस्थान मुंबई इंडियंस को हरा देता है, तो टीम 16 अंकों तक पहुंच जाएगी और सीधे प्लेऑफ में जगह बना लेगी। ऐसी स्थिति में अगर गुजरात और हैदराबाद अपने आखिरी मैच हारते हैं, तो राजस्थान के पास टॉप-2 में पहुंचने का भी मौका रहेगा। मुंबई के खिलाफ हारने पर राजस्थान 14 अंकों पर ही रुक जाएगा। ऐसे में पंजाब किंग्स 15 अंक तक पहुंच सकती है, अगर वह लखनऊ को हरा दे। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स भी अपना आखिरी मैच जीतकर 15 अंक तक पहुंच सकती है। वहीं अगर दिल्ली कैपिटलस और चेन्नई सुपर किंग्स अगर अपने आखिरी मैच जीत भी जाता है तो इनके 14 अंक ही होंगे। इस तरह यह दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं।
मुंबई को हराकर छठे स्थान पर पहुंची कोलकाता
कोलकाता। केकेआर ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है। बुधवार को ईडन गार्डन्स पर खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 147 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 18.5 ओवर में छह विकेट पर 148 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ कोलकाता की टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। उनके खाते में 13 अंक हो गए है। अब केकेआर को उनका आखिरी मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। कोलकाता ने इस जीत के दम पर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है।



