केरल की तरह यूपी में भी सरकार बना सकते हैं मुसलमान: इसरार अहमद

- एआईएमआईएम नेता ने किया दावा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर यूपी में मुसलमान मजलिस का साथ देते हैं तो केरल की तरह उत्तर प्रदेश में भी मुसलमानों के बिना कोई सरकार नहीं बन पाएगी। उन्होंने कहा कि ये सत्ता में हिस्सेदारी की लड़ाई है।
एआईएमआईएम के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने कहा कि लोग कहते हैं कि अगर मजलिस को उत्तर प्रदेश में 4-6 विधायक जीत भी जाएं तो क्या वो सरकार बना लेंगे, हां बिल्कुल बना लेंगे. आपने देखा कि आज केरल में नई सरकार बनी, जिसमें मुस्लिम लीग के 22 विधायक जीते हुए हैं और पाँच मंत्री बनाए गए हैं. केरल में बगैर मुस्लिम लीग के सहयोग के कोई सरकार नहीं बन सकती है जबकि केरल में मुसलमानों की आबादी 25 फीसद है। उत्तर प्रदेश में यहां के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 24 फीसद मुसलमान हैं, अगर यूपी में लोग मजलिस का सहयोग करें तो यूपी में भी आपको सत्ता में हिस्सेदारी मिल जाएगी। जिस तरह केरल की सत्ता में हिस्सेदारी मिल गई,अगर आप यूपी में मजलिस को जिताने में कामयाब होते हैं तो उत्तर प्रदेश में भी मुसलमानों की भागीदारी के बिना कोई सरकार नहीं बन सकती।
बीजेपी ने किया पलटवार
एआईएमआईएम नेता इसरार अहमद के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मजलिस की भाषा चौंकाने वाली है, यह मुस्लिम लीग की भाषा है, यह विभाजनकारी है. प्रदेश में यह भाषा नहीं चलेगी। देश सबका साथ सबका विकास और सबके प्रयास के मूल मंत्र पर चल रहा है।



