दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ समाप्त किया सफर

  • आईपीएल लीग चरण खत्म, कोलकाता को डीसी ने अंतिम मैच में 40 रनों से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 40 रनों से हरा दिया। रविवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में केकेआर 18.4 ओवर में सिर्फ 163 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई।
उनके लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 63 रनों की पारी खेली। इसी के साथ आईपीएल 2026 का लीग चरण समाप्त हो गया। प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो चुकी हैं। आरसीबी, गुजरात, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहीं। तालिका में शीर्ष-दो स्थानों पर रहने वाली आरसीबी और गुजरात के बीच 26 मई को धर्मशाला में पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, 27 मई को मल्लांपुर में हैदराबाद और राजस्थान के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी, जबकि हारने वाली टीम एलिमिनेटर की विजेता से क्वालिफायर-2 में भिड़ेगी। इस सीजन दिल्ली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 14 में से सात मैच जीतकर टीम 14 अंक और -0.651 के नेट रन रेट के साथ छठे पायदान पर रही। वहीं, केकेआर को छह मुकाबलों में जीत मिली जबकि सात मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा एक मैच उनका बारिश के कारण रद्द रहा। केकेआर 13 अंक और -0.147 के नेट रन रेट के साथ तालिका में सातवें स्थान पर रही।

राजस्थान 7वीं बार प्लेऑफ में, हैदराबाद से होगा सामना

मुंबई। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बना ली है। राजस्थान ने ग्रूप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराया और इसके साथ ही वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 175 रन ही बना सकी। राजस्थान की जीत ने पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के दरवाजे बंद कर दिए हैं। राजस्थान के 14 मैचों में आठ जीत और छह हार के साथ 16 अंक हो गए और वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी। प्लेऑफ की दौड़ से पहले से ही बाहर मुंबई इंडियन्स का अभियान नौवें स्थान पर खत्म हुआ। पंजाब के 14 मैचों में सात जीत, छह हार और एक बेनजीता के साथ 15 अंक ही रहे और वह प्लेऑफ में जाने से चूक गई। पंजाब ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी और वह शुरुआती सात मैचों में अजेय भी थी, लेकिन दूसरे चरण में टीम की लय बिगड़ गई। केकेआर को भी उम्मीद थी, लेकिन राजस्थान की जीत ने पंजाब और केकेआर दोनों टीमों की उम्मीद खत्म कर दी।

Related Articles

Back to top button