करो या मरो के मैच में उतरेंगे हैदराबाद और राजस्थान

  • हैदराबाद का प्लेऑफ में खराब रहा है रिकार्ड

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुल्लांपुर। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को यानी आज सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हैदराबाद ग्रूप चरण में तीसरे स्थान पर रहा था, जबकि राजस्थान की टीम चौथे स्थान पर रहकर प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी थी।
सनराइजर्स हैदराबाद का रिकॉर्ड आईपीएल प्लेऑफ में खराब रहा है। एसआरएच आठवीं बार अंतिम चार में पहुंची है। टीम ने प्लेऑफ में अब तक कुल 14 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सनराइजर्स हैदराबाद को छह में जीत नसीब हुई है, तो आठ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। एसआरएच ने साल 2024 में आखिरी बार प्लेऑफ का टिकट कटाया था और टीम फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी। हालांकि, खिताबी मुकाबले में एसआरएच को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। आईपीएल 2026 में एसआरएच का प्रदर्शन दमदार रहा है। पैट कमिंस की कप्तानी में पिछले कुछ मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद ने खेल के तीनों ही विभाग में विपक्षी टीमों को चारों खाने चित किया है।
एसआरएच एलिमिनेटर में भी अपनी बेहतरीन फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी। साल 2008 में आईपीएल की ट्रॉफी को अपने नाम करने वाली राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में अब तक कुल 11 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को पांच मुकाबलों में जीत मिली है, तो छह में हार का सामना करना पड़ा है। आरआर साल 2024 में आखिरी बार प्लेऑफ में पहुंची थी, जहां टीम को दूसरे क्वालिफायर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर आरसीबी

धर्मशाला। गत चैंपियन आरसीबी की टीम गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है। आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक पारी से 20 ओवर में पांच विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात के पास हालांकि, अभी भी फाइनल में जाने का एक मौका है। टीम अब हैदराबाद और राजस्थान के बीच बुधवार को होने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम से शुक्रवार को क्वालिफायर-2 में भिड़ेगी। आरसीबी ने इस तरह कुल पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बनाई है। टीम इससे पहले, 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल में पहुंची थी। टीम ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था और टीम खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर है। दूसरी ओर, गुजरात के लिए इस मैच में कुछ अच्छा नहीं रहा। टीम के गेंदबाज जहां महंगे साबित हुए, वहीं बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे राहुल तेवतिया ने भले ही अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

Related Articles

Back to top button