मिर्जापुर में बकरीद को शांतिपूर्ण बनाने के लिए सड़क पर उतरे डीएम और एसपी, ड्रोन कैमरों से रखी जा रही निगरानी

मिर्जापुर में बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए डीएम पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक खुद सड़कों पर उतरे। ड्रोन कैमरों, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और भारी पुलिस बल के जरिए जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर में ईद-उल-जूहा यानी बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार सुबह से ही जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई दिए। जिले के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है।

अधिकारियों ने ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस बल की तैनाती की है। इसके साथ ही सोशल मीडिया और ड्रोन कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है।

नगर क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे डीएम और एसपी

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने नगर क्षेत्र के कई इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने ईदगाहों, मस्जिदों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की निगरानी खासतौर पर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, इमामबाड़ा, कंतित और अन्य संवेदनशील स्थानों पर केंद्रित रही, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी

बकरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजक गतिविधि को रोकने के लिए जिला प्रशासन तकनीकी निगरानी का भी सहारा ले रहा है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा जिले के अलग-अलग इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर सख्त नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

डीएम और एसपी ने जनपदवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर की गंगा-जमुनी तहजीब हमेशा सामाजिक एकता की मिसाल रही है और सभी नागरिकों को इसे बनाए रखना चाहिए। अधिकारियों ने यह भी कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।

जिलेभर में प्रशासनिक अमला रहा सक्रिय

बकरीद के मद्देनजर जिलेभर में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहे। अपर उपजिला मजिस्ट्रेट सदर गुलाब चंद्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। प्रशासन का दावा है कि पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है और हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

रिपोर्ट- संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: कानपुर की बकरामंडी में बवाल, व्यापारियों और ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button