फाइनल के लिए गुजरात और राजस्थान में भिड़ंत आज

  • वैभव सूर्यवंशी होंगे गुजरात के सामने सबसे बड़ी चुनौती

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुल्लांपुर। आईपीएल 2026 के इस संस्करण का दूसरा क्वालिफायर मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी, जो भी टीम मुकाबला जीतेगी फाइनल में प्रवेश कर लेगी और उसका सामना 31 मई यानी रविवार को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। राजस्थान के खिलाफ गुजरात का रिकॉर्ड शानदार रहा है। गुजरात को पहले क्वालिफायर में आरसीबी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जबकि राजस्थान ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया।
राजस्थान और गुजरात के बीच आईपीएल में अब तक कुल 10 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से सात मुकाबलों में जीत गुजरात के हाथ लगी है, जबकि राजस्थान सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है। गुजरात टाइटंस अपने इस दमदार रिकॉर्ड को दूसरे क्वालिफायर में भी बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में विपक्षी गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सभी को प्रभावित किया था। वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी ने गुजरात की चिंताएं बढ़ा दी हैं। गुजरात की बल्लेबाजी काफी हद तक शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर निर्भर रही है। अगर ये तीनों बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते हैं तो टीम के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करना मुश्किल हो जाता है। साई सुदर्शन ने पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन किया है, लेकिन उनसे शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने की उम्मीद करना आसान नहीं होगा। वहीं अगर राजस्थान बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहता है तो गुजरात के शीर्ष क्रम पर दबाव बढ़ सकता है।

सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे

मुल्लांपुर। एसआरएच के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रनों की आतिशी पारी खेलकर ऑरेंज कैप की दौड़ में खुद को सभी से आगे कर लिया है। वैभव ने साई सुदर्शन की बादशाहत को खत्म कर दिया है। वैभव आईपीएल 2026 में खेले 15 मुकाबलों में 45 की औसत और 242 के स्ट्राइक रेट से 680 रन बना चुके हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज सुदर्शन 652 रनों के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। हेनरिक क्लासेन इस सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 624 रनों के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं। वहीं, शुभमन गिल 14 मुकाबलों में 618 रन बनाकर लिस्ट में चौथे नंबर पर काबिज हैं। ईशान किशन 15 मुकाबलों में 602 रन बनाकर पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। वहीं गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का पर्पल कैप पर कब्जा बरकरार है। भुवनेश्वर 15 मुकाबलों में 26 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। कगिसो रबाडा 15 मुकाबलों में 26 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद हैं। आर्चर 24 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर चल रहे हैं, जबकि अंशुल कंबोज 14 मुकाबलों में 21 विकेट के साथ चौथे नंबर पर हैं।

Related Articles

Back to top button