आईपीएल खिताब से एक कदम दूर गुजरात टाइटंस

- सूर्यवंशी की पारी पर भारी पड़ी गिल-सुदर्शन की साझेदारी, राजस्थान बाहर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुल्लांपुर। कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी पारी और साई सुदर्शन के साथ पहले विकेट के लिए की गई साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराया। गुजरात ने इसके साथ ही आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 219 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। राजस्थान का सफर इस तरह क्वालिफायर-2 में ही थम गया।
गुजरात टाइटंस ने इस तरह तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पहले टीम ने साल 2022 (विजेता) और 2023 (उपविजेता) में खिताबी मुकाबला खेला था। अब गुजरात का सामना 31 मई यानी रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस मैच में आरसीबी जहां खिताब का बचाव करने उतरेगी। वहीं, गुजरात दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। गिल ने 47 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का पांचवां शतक पूरा किया। गिल आईपीएल में सर्वाधिक शतक लगाने वाले छठे बल्लेबाज बन गए हैं। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है जिन्होंने नौ शतक लगाए हैं। कप्तान के तौर पर गिल का यह दूसरा सैकड़ा था और वह तीसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर सर्वाधिक शतक लगाए हैं। कोहली ने कप्तान के तौर पर पांच और केएल राहुल ने तीन शतक लगाए हैं।
वैभव आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बने दूसरे बल्लेबाज
मुल्लांपुर। वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबले में अर्धशतक लगाने में सफल रहे। वैभव ने इसके साथ ही आईपीएल में 1000 रन पूरे कर लिए हैं और वह सबसे कम पारियों में ऐसा करने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज हैं। वैभव ने 23 पारियों में टूर्नामेंट में 1000 रन पूरे किए। वैभव हालांकि, लगातार दूसरे मैच में शतक लगाने से चूक गए और 47 गेंदों पर आठ चौकों और सात छक्कों की मदद से 96 रन बनाकर आउट हुए। वैभव ने गुजरात के खिलाफ 31 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनका आईपीएल का सबसे धीमा पचासा रहा। वैभव ने भले ही मोर्चा संभाला, लेकिन यह उनका आईपीएल का सबसे धीमा अर्धशतक रहा। वैभव का मौजूदा सीजन में छठा और ओवरऑल आठवीं बार 50+ स्कोर बनाया है।



