आयरलैंड दौरे से पहले भारत को मिलेगा टी20 का नया कप्तान

  • श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और संजू सैमसन के नाम पर चल रहा विचार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चयनकर्ता आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टी20 टीम की कमान किसी नए खिलाड़ी को सौंपने पर विचार कर रहे हैं। सूर्यकुमार का हालिया प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। सूत्रों के अनुसार चयनकर्ताओं ने आईपीएल के बाद सूर्यकुमार की फॉर्म का आकलन किया, लेकिन वे बल्लेबाजी में प्रभाव छोडऩे में नाकाम रहे। ऐसे में अब भारतीय टी20 टीम के लिए नए कप्तान की तलाश तेज हो गई है।
फिलहाल तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इनमें श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और संजू सैमसन का नाम शामिल है। तीनों खिलाडिय़ों के पास अलग-अलग कारण हैं जो उन्हें कप्तानी का मजबूत दावेदार बनाते हैं। अगर अनुभव के आधार पर देखा जाए तो श्रेयस अय्यर सबसे मजबूत दावेदार नजर आते हैं। श्रेयस भारत के लिए सीमित ओवरों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत दबाव में शांत रहना और मैच की परिस्थितियों को समझना मानी जाती है। यही वजह है कि चयनकर्ताओं की पहली पसंद के तौर पर उनका नाम सामने आ रहा है। वहीं 23 वर्षीय तिलक वर्मा को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। चयनकर्ताओं ने हाल ही में उन्हें श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारत-ए टीम की कप्तानी सौंपी है, जिसे उनके नेतृत्व कौशल की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्य कोच गौतम गंभीर की पसंद बताए जा रहे संजू सैमसन भी कप्तानी की दौड़ में बने हुए हैं। सैमसन ने पिछले कुछ वर्षों में टी20 क्रिकेट में लगातार प्रभाव छोड़ा है। हालिया टी20 विश्व कप में भी उन्होंने अहम पारियां खेलकर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके बाद आईपीएल में सीएसके की तरफ से खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

सौरव गांगुली की सुरक्षा में कटौती

कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती की गई है। उनकी सुरक्षा को (जेड) कैटेगरी से घटाकर (वाई) कैटेगरी कर दिया गया है। गांगुली को पिछले कुछ वर्षों से जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जा रही थी। हालांकि, हालिया सुरक्षा समीक्षा के बाद राज्य प्रशासन ने उनकी सुरक्षा श्रेणी में बदलाव करने का फैसला लिया है। सरकार के इस कदम को राज्य में बदले राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सौरव को वर्ष 2023 में तत्कालीन ममता बनर्जी सरकार ने जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की थी। उस समय उनकी सुरक्षा में 30 से 35 पुलिसकर्मी तैनात रहते थे, जबकि उनके काफिले के साथ पायलट वाहन भी चलता था। नई व्यवस्था के तहत सुरक्षा कर्मियों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। राज्य में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं व्यक्तियों को अतिरिक्त सुरक्षा दी जाएगी, जिनके लिए वास्तविक सुरक्षा खतरे का आकलन किया गया हो।

 

 

Related Articles

Back to top button