झारखंड में रास सीटों को लेकर महागठबंधन में रार!

  • झामुमो दोनों सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार
  • कांग्रेस बोली मामला सुलझा लिया जाएगा
  • भाजपा भी अपना उम्मीदवार उतारेगी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
रांची। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव से पहले राजनीतिक उथलपुल होने लगी। कुछ सियासी गणित बदलते नजर आ रहे हैं। अब तक महागठबंधन के तहत कांग्रेस और झामुमो के बीच एक-एक सीट पर चुनाव लडऩे की चर्चा थी, लेकिन झामुमो ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। वहीं विपक्ष भाजपा भी अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। शुक्रवार को झामुमो विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री योगेंद्र प्रसाद और मंत्री हाफिजुल हसन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से दोनों सीटों पर चुनाव लडऩे का लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
कार्यकर्ताओं की भावना को देखते हुए पार्टी ने दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस फैसले से महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर नई स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पिछले कुछ समय से कांग्रेस और झामुमो के बीच कई मुद्दों पर मतभेद की खबरें भी सामने आती रही हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में दोनों दल राज्यसभा चुनाव को लेकर क्या अंतिम रणनीति अपनाते हैं।

कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित किया

इधर कांग्रेस पहले ही प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वहीं भाजपा भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गए हैं। यदि प्रमुख दल अलग-अलग उम्मीदवार उतारते हैं तो चुनाव में क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़-तोड़ की चर्चाएं भी तेज हो सकती हैं।

कांग्रेस बोली- झारखंड में गठबंधन एकजुट

राज्यसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को पुराना विधानसभा सभागार में कांग्रेस प्रभारी के राजू की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पार्टी प्रत्याशी प्रणव झा और कांग्रेस के मंत्री और विधायक शामिल हुए। वहीं, मीडिया के सवालों पर प्रभारी के राजू ने कहा कि झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन से इस संदर्भ में बातचीत होगी और गठबंधन में एक सीट कांग्रेस और एक सीट झामुमो के प्रत्याशी की जीत होगी। झारखंड में गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है।

Related Articles

Back to top button