रात के अंधेरे में बड़ी वारदात, घर से लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर
बाँदा जनपद के नरैनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नहरी गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बाँदा जनपद के नरैनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नहरी गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
गर्मी के कारण घर के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी तथा कीमती घरेलू सामान लेकर फरार हो गए।
रात के अंधेरे में हुआ वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार रात में रोज की तरह गर्मी से राहत पाने के लिए छत पर सोया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के अंदर घुसे और पूरी तरह से सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के गहनों के साथ-साथ नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब परिवार के लोग नीचे आए तो घर का सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी और बक्से टूटे हुए पाए गए, जिसके बाद तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम और सर्विलांस यूनिट को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने घर की बारीकी से जांच करते हुए आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ शुरू की। साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
लाखों के जेवर और नकदी की चोरी का दावा
पीड़ित महिला के अनुसार, घर में रखे गए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए हैं। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। सर्विलांस टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद नहरी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



