रेलवे विकास पर होगी बड़ी चर्चा, अखिलेश यादव ने शाहज़िल अंसारी को सौंपी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव ने पूर्वोत्तर रेलवे से खुद को जोड़ा है।जिसमें विभिन्न विकास कार्यों और क्षेत्रीय रेल परियोजनाओं पर चर्चा करने वाले है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव ने पूर्वोत्तर रेलवे से खुद को जोड़ा है।जिसमें विभिन्न विकास कार्यों और क्षेत्रीय रेल परियोजनाओं पर चर्चा करने वाले है।
जिसके लिए आयोजित होने वाली रेलवे बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में अपने प्रतिनिधि के रूप में भोजीपुरा विधायक शाहज़िल इस्लाम अंसारी को नामित किया है। यह बैठक 7 जुलाई 2026 को इज्जतनगर स्थित पूर्वोत्तर रेलवे की यांत्रिक कार्यशाला में प्रस्तावित है।
रेलवे से जुड़े विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय मांगों पर होने वाली इस बैठक को बरेली मंडल के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी की ओर से शाहज़िल इस्लाम अंसारी की मौजूदगी को राजनीतिक और क्षेत्रीय दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण बैठक में शामिल नहीं होंगे अखिलेश यादव
जानकारी के अनुसार रेलवे बोर्ड की इस बैठक के लिए पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों और अन्य राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते उन्होंने बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई।
इसके बाद अखिलेश यादव ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरेवणकर को एक आधिकारिक पत्र भेजकर भोजीपुरा विधायक शाहज़िल इस्लाम अंसारी को अपना अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करने की जानकारी दी। पत्र में उन्होंने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके प्रतिनिधि को बैठक में भाग लेने और विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं क्षेत्रीय मांगें रखने की अनुमति प्रदान की जाए।
रेलवे विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार रेलवे बोर्ड की इस बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना को मजबूत करने और भविष्य की परियोजनाओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी उनके क्षेत्रों से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे। ऐसे में शाहज़िल इस्लाम अंसारी के माध्यम से बरेली और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे बैठक में उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इन मुद्दों को उठा सकते हैं शाहज़िल इस्लाम अंसारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बैठक के दौरान शाहज़िल इस्लाम अंसारी क्षेत्र के यात्रियों और स्थानीय लोगों से जुड़े कई अहम विषयों को प्रमुखता से रख सकते हैं। इनमें प्रमुख रूप से बरेली मंडल में रेलवे विकास कार्यों को गति देना।प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग।
यात्री सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण।रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं में सुधार।नई रेल सेवाओं और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के प्रस्ताव।स्थानीय स्तर पर लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग।इन मुद्दों पर चर्चा होने से क्षेत्र के रेल यात्रियों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा फैसला
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार अखिलेश यादव द्वारा शाहज़िल इस्लाम अंसारी को अपना प्रतिनिधि बनाए जाने को पार्टी नेतृत्व के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। इससे यह संदेश भी जाता है कि क्षेत्रीय मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पार्टी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दे रही है।
रेलवे प्रशासन की औपचारिक अनुमति का इंतजार
फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से शाहज़िल इस्लाम अंसारी के प्रतिनिधित्व को लेकर औपचारिक स्वीकृति मिलने का इंतजार है। अनुमति मिलने के बाद वह 7 जुलाई को इज्जतनगर में आयोजित रेलवे बोर्ड की बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे और क्षेत्र से जुड़े रेल विकास संबंधी मुद्दों को बैठक में रखेंगे।
रेलवे बोर्ड की इस बैठक पर बरेली मंडल के जनप्रतिनिधियों, रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसमें लिए जाने वाले निर्णय भविष्य में क्षेत्र की रेल सेवाओं और विकास योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं।
रिपोर्ट:-सुनील सक्सेना, बरेली



