कानपुर में 6 करोड़ का गांजा बरामद, क्राइम ब्रांच का बड़ा ऑपरेशन
कानपुर में क्राइम ब्रांच और सजेती पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 450 किलो गांजा बरामद किया। करीब 6 करोड़ रुपये कीमत की खेप उड़ीसा से लाई जा रही थी। एक आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और सजेती थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में करीब 450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
उड़ीसा से लाई जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की खेप उड़ीसा से उत्तर प्रदेश लाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इस खेप को प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी सप्लाई करने की तैयारी में था। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
क्राइम ब्रांच और सजेती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई डीसीपी दीपेंद्र चौधरी के निर्देशन और एडीसीपी सुमित रामटेके के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच व सजेती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने सजेती थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक किन-किन राज्यों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: शादी के एक साल बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप



