108वें उर्स-ए-रज़वी को लेकर बरेली प्रशासन अलर्ट, लाखों जायरीनों की सुविधाओं पर विशेष फोकस

बरेली में 7 से 9 अगस्त 2026 तक होने वाले 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, पेयजल, सफाई और जायरीनों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: आला हज़रत की नगरी बरेली में 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज हो गई हैं। 7, 8 और 9 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दरगाह प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के सामने रखीं अहम मांगें

बैठक में दरगाह प्रमुख हज़रत सुब्हानी मियां और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। प्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। प्रशासन ने सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्य करने का भरोसा दिया।

डीएम ने दिए समन्वय और व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उर्स से पहले दरगाह क्षेत्र और जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। बिजली, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क, प्राथमिक चिकित्सा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और ट्रैफिक पुलिस को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

देश-विदेश से पहुंचेंगे लाखों जायरीन

हर वर्ष उर्स-ए-रज़वी में बड़ी संख्या में देश और विदेश से जायरीन बरेली पहुंचते हैं। इस बार 108वें उर्स के अवसर पर भी बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां समय से शुरू कर दी हैं। अधिकारियों ने बताया कि आयोजन से पहले सभी विभागों की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना

यह भी पढ़ें: उन्नाव: 27 जून को दफनाया गया था शव, अब हाईकोर्ट के आदेश पर कब्र से निकाला गया

Related Articles

Back to top button