पालीवाल डायग्नोस्टिक को KDA का अभयदान..! बेसमेंट में धड़ल्ले से चल रही लैब, क्यों नहीं हुई सील…?

कानपुर में कुछ डायग्नोस्टिक लैबों के बेसमेंट से संचालन को लेकर सवाल उठे हैं। मीडिया रिपोर्ट के बाद KDA की कार्रवाई चर्चा में है। सचिव ने कहा कि नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

कानपुर [प्रांजुल मिश्रा]: दिल्ली के मालवीय नगर में आग से 21 लोगों की मौत, लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में 15 बच्चों की जान जाने और इससे पहले दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित राउज़ आईएएस स्टडी सर्कल के बेसमेंट हादसे में तीन अभ्यर्थियों की मौत ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की भयावह तस्वीर सामने रखी। हर हादसे के बाद सख्ती के दावे हुए, लेकिन क्या सिस्टम ने वास्तव में कोई सबक लिया?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रदेशभर में विकास प्राधिकरणों ने बेसमेंट के अवैध उपयोग और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान चलाया। मगर कानपुर में यह अभियान कितना प्रभावी है, इसकी तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां करती है।
4PM अख़बार के रियलिटी चेक में सामने आया कि पांडु नगर (जोन-2) स्थित पालीवाल डायग्नोस्टिक की लैब मुख्य सड़क पर बेसमेंट में संचालित हो रही है। इसी तरह जोन-3 में सचान चौराहे के पास स्थित दूसरी शाखा भी बेसमेंट से संचालित हो रही है। इतना ही नहीं, जोन-1A माल रोड स्थित ‘परख लैब’ के बेसमेंट पर भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

सवाल यह है कि जब अन्य संस्थानों पर सीलिंग और कार्रवाई की जा रही है, तब पालीवाल डायग्नोस्टिक पर अधिकारियों की मेहरबानी क्यों? क्या जिम्मेदार अधिकारी इन अनियमितताओं से अनजान हैं, या फिर जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं? मुख्य सड़क पर खुलेआम बेसमेंट में संचालन के बावजूद कार्रवाई का अभाव कई सवाल खड़े करता है।

अब देखना होगा कि कानपुर विकास प्राधिकरण इस मामले में ठोस कार्रवाई करता है या फिर नोटिस जारी कर औपचारिकता निभाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है। वहीं पूरे मामले में केडीए सचिव अभय कुमार पाण्डेय की मानें तो उनका कहना है कि कानपुर विकास प्राधिकरण नोटिस देकर आगे प्रभावी कार्रवाई कर रहा है अनियमितताएं कहीं भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगीं।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: कानपुर में पुलिस पर मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो के बाद मामले ने पकड़ा तूल

Related Articles

Back to top button