कानपुर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो; दो बच्चों समेत तीन की मौत

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टकरा गई। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित रूमा इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की शुरुआती वजह

प्रारंभिक जांच के अनुसार स्कॉर्पियो में करीब आठ लोग सवार थे और वाहन फतेहपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गैस कटर से निकाले गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद घायलों को निकालकर कांशीराम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना गया है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: बीच सड़क पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा! युवक पर ईंट से हमला, वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button