क्या भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए खतरा? बरेली में बड़े आंदोलन का ऐलान
भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसान एकता संघ 15 जुलाई को बरेली में बाइक रैली निकालेगा। कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा और किसानों के हितों की रक्षा की मांग उठेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर किसानों का विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है। किसान एकता संघ ने इस समझौते को किसान हितों के लिए नुकसानदायक बताते हुए 15 जुलाई को बरेली में विशाल मोटरसाइकिल रैली निकालने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसानों की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाने और कृषि हितों की रक्षा की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
ट्रेड डील से किसानों की आय पर असर पड़ने का दावा
प्रेस वार्ता में किसान एकता संघ के नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील लागू होने पर किसानों की आय, कृषि उत्पादन और देश की खाद्य सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उनका कहना है कि किसान एकता संघ लगातार किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाता रहा है और इसी उद्देश्य से यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
15 जुलाई को निकलेगी शांतिपूर्ण बाइक रैली
डॉ. रवि नागर ने बताया कि 15 जुलाई को आयोजित होने वाली मोटरसाइकिल रैली शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से निकाली जाएगी। इसमें बरेली के अलावा आसपास के क्षेत्रों से किसान, युवा, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
संगठन के अनुसार रैली कर्गना, बदायूं रोड स्थित द्वार से शुरू होकर चोपड़ा पटेल चौक और चौकी चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। वहां जिला अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: बरेली: थाने के अंदर आखिर क्या हुआ? हिरासत में युवक गंभीर घायल, परिवार ने उठाए बड़े सवाल



