मिर्जापुर: तेंदुआ या कोई और शिकारी? बछिया की मौत के बाद वन विभाग से बड़ी मांग
मिर्जापुर के विंध्याचल क्षेत्र में अज्ञात जंगली जानवर द्वारा गाय की बछिया का शिकार किए जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध जानवर की तलाश कर कार्रवाई करने की मांग उठी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में एक अज्ञात जंगली जानवर द्वारा गाय की बछिया का शिकार किए जाने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। घटना शिवपुर क्षेत्र की कोइरान बस्ती में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। बछिया के शव पर हमले के निशान और आसपास मिले पैरों के निशानों के बाद ग्रामीण तेंदुआ या किसी अन्य बड़े जंगली जानवर की मौजूदगी की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, वन विभाग की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सुबह पशुओं को देखने पहुंचे तो मिला दर्दनाक दृश्य
कोइरान बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश पूरी के अनुसार, रात करीब 1 से 2 बजे के बीच गाय और उसकी बछिया लगातार आवाज कर रही थीं। शुरुआत में इसे सामान्य घटना समझा गया, लेकिन सुबह पशुओं को देखने पर बछिया मृत मिली। उसके शरीर पर किसी जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान थे, जबकि आसपास संदिग्ध पैरों के निशान भी दिखाई दिए।
कई गांवों में तेंदुआ दिखने की चर्चा
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के गांवों में तेंदुआ या किसी बड़े जंगली जानवर के देखे जाने की चर्चाएं चल रही हैं। उनका मानना है कि पहाड़ी क्षेत्र और तालाब के आसपास पानी की तलाश में आने वाले जंगली जानवर रात के समय गांवों की ओर पहुंच रहे हैं। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध जंगली जानवर की तलाश करने और लोगों व पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल पूरे इलाके में लोग रात के समय सतर्कता बरत रहे हैं।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: मेरठ लाठीचार्ज का विरोध पहुंचा बांदा, भीम आर्मी ने CBI जांच और SSP की बर्खास्तगी की उठाई मांग



