गोरखपुर में कार का शीशा तोड़कर 5 लाख रुपये से भरा बैग ले उड़े बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात
गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में बदमाश कार का शीशा तोड़कर 5 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV में कैद हुई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक मार्बल व्यवसायी की कार का शीशा तोड़कर बदमाश पांच लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात फातिमा अस्पताल के सामने हुई और पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पैसे देने गए, लेकिन व्यक्ति नहीं पहुंचा
जानकारी के अनुसार, देवरिया के गौरीबाजार निवासी विवेक कुमार निगम और कुशीनगर निवासी अजीत सिंह फातिमा अस्पताल के सामने टाइल्स और मार्बल की दुकान चलाते हैं। दोनों सोमवार को मोहद्दीपुर में एक व्यक्ति को पांच लाख रुपये देने गए थे, लेकिन संबंधित व्यक्ति के मौके पर नहीं पहुंचने पर वे वहां से ओरियन मॉल फिल्म देखने चले गए।
वापस लौटे तो टूटा मिला कार का शीशा
फिल्म देखकर लौटने पर दोनों ने देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था और उसमें रखा पांच लाख रुपये से भरा बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची शाहपुर पुलिस और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी
पुलिस के अनुसार, घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर की समस्याओं पर कुलदीप पाण्डेय का बड़ा हमला, महंगाई से जलभराव तक उठाए कई मुद्दे



