डिलीवरी के लिए भर्ती महिला की मौत के बाद फूटा गुस्सा, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा
मिर्ज़ापुर के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महिला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर स्थित मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती एक महिला की मौत के बाद मंगलवार रात जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह भर्ती हुई, रात में हुई मौत
जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के आमघाट दुल्लहपुर निवासी राजेश्वर बिंद अपनी पत्नी दुर्गावती को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि दिनभर उन्हें सामान्य प्रसव होने का भरोसा दिया गया, लेकिन देर शाम अचानक महिला की हालत गंभीर बताई गई। उनका कहना है कि जब वे मरीज के पास पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली और कटरा थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को शांत कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
जांच और कार्रवाई की मांग
मृतका के पति ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: ‘दिल में बाबर, मुंह में राम’ वाले होर्डिंग से गरमाई सियासत, सपा सांसद का भाजपा पर बड़ा आरोप



