टीबी पर यूपी की सबसे बड़ी जीत! 31 लाख लोगों की जांच में मिले 1.85 लाख नए मरीज
उत्तर प्रदेश ने 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान में देश में पहला स्थान हासिल किया। 31 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग में 1.85 लाख नए मरीज मिले। AI तकनीक और जनभागीदारी बनी सफलता की बड़ी वजह।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश ने टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश में 31 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग के दौरान 1.85 लाख नए टीबी मरीजों की पहचान हुई, जिनमें करीब 52 हजार ऐसे मरीज भी शामिल रहे, जिनमें बीमारी के कोई स्पष्ट लक्षण नहीं थे। यह जानकारी एम्स गोरखपुर में आयोजित तकनीकी संगोष्ठी में साझा की गई।
31 लाख स्क्रीनिंग, AI तकनीक से मिली बड़ी सफलता
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सफलता का आधार नवाचार, आधुनिक तकनीक, जनभागीदारी और साझेदारी है। उन्होंने कहा कि अब केवल लक्षणों के आधार पर जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि जोखिम आधारित सक्रिय सर्विलांस, समय पर निदान और उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है।
AI एक्स-रे और NAAT जांच से बढ़ी मरीजों की पहचान
राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. ऋषि कुमार सक्सेना ने बताया कि 24 मार्च 2026 से शुरू हुए अभियान के तहत जनवरी से जून 2026 के बीच 3.37 लाख टीबी मरीजों की अधिसूचना दर्ज हुई। अभियान के दौरान 308 एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों से 30.4 लाख छाती के एक्स-रे किए गए, जो तय लक्ष्य का 111 प्रतिशत रहा। वहीं 1,414 NAAT जांच केंद्रों के माध्यम से 7.52 लाख लोगों की जांच पूरी की गई।
94% उच्च जोखिम वाले गांव हुए कवर, विशेषज्ञों ने साझा किए सुझाव
संगोष्ठी में बताया गया कि प्रदेश के 26,722 उच्च जोखिम वाले गांवों में से 25,073 गांवों (94%) तक अभियान पहुंचा। एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता (सेवानिवृत्त) ने कहा कि संस्थान राज्य सरकार के साथ मिलकर उन्नत उपचार और अनुसंधान के जरिए टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को गति देगा। कार्यक्रम में 60 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लेकर भविष्य की रणनीति पर सुझाव दिए।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: करोड़ों की जमीन पर बवाल! भाजपा नेता राधे गुर्जर पर गंभीर आरोप, CM योगी तक पहुंचेगा मामला?


