राम मंदिर चंदे को लेकर सपा का BJP पर हमला, मिर्जापुर में जिलाध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

मिर्जापुर में सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने भाजपा पर राम मंदिर चंदे के दुरुपयोग, कानून-व्यवस्था और पौधरोपण अभियान में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर राम मंदिर और कानून-व्यवस्था का मुद्दा चर्चा में है। समाजवादी पार्टी (सपा) के मिर्जापुर जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने प्रेसवार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक भाजपा या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राम मंदिर चंदे और BJP कार्यालयों को लेकर लगाए आरोप

सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे के उपयोग को लेकर सरकार जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने दावा किया कि मंदिर के नाम पर जुटाए गए धन का दुरुपयोग हुआ है और भाजपा उसी धन से अपने आलीशान कार्यालय खड़े कर रही है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

कानून-व्यवस्था और किसानों के मुद्दे भी उठाए

देवी प्रसाद चौधरी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मिर्जापुर के बामी गांव में तीन बच्चों की मौत और सिंचाई विभाग के चालक की हत्या जैसे मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल है तथा किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है।

पौधरोपण अभियान पर भी साधा निशाना

प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान को लेकर सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कई स्थानों पर केवल गड्ढे खोदकर औपचारिकता पूरी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वृक्षारोपण के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ और लगाए गए पौधों की उचित देखरेख नहीं की गई। प्रेसवार्ता में सुरेंद्र सिंह, अशोक सिंह मुन्ना, अभय यादव, सलीम बादशाह, आकांक्षा यादव, घनश्याम गौड़, दीपक मौर्य और पियूष सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर में युवक की मौत से बवाल! पुलिस अधिकारी पर मारपीट का आरोप, SP ने बैठाई जांच

Related Articles

Back to top button