भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में 6 विकेट से हराया

- 11 साल बाद इंग्लैंड की एजबेस्टन में हार, भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बर्मिंघम। कप्तान शुभमन गिल की शानदार कप्तानी पारी और अक्षर पटेल के दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हरा दिया। एजबेस्टन में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए। जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। खास बात यह रही कि एजबेस्टन में 2015 के बाद इंग्लैंड की यह पहली वनडे हार है। पिछली बार 2014 में भी उसे भारत ने ही इस मैदान पर हराया था।
बता दें इंग्लैंड ने 13वें ओवर तक बिना किसी नुकसान के 61 रन बना चुकी थी लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच की तस्वीर ही बदल दी। बुमराह, गुरनूर और प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार विकेट निकालकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। देखते ही देखते मेजबान टीम 107 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद जो रूट और लियाम डॉसन के सातवें विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी के दम पर इंग्लैंड 258 रन तक पहुंचने में सफल रहा। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 62 रन देकर चार विकेट झटके। 259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 48 रन पर दो बड़े विकेट गिर गये थे। फिर गिल ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद दो विकेट जल्दी गिरने सेभारत पर थोड़ी देर के लिए दबाव बढ़ गया। फिर अक्षर और वॉशिंगटन ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रन जोडक़र भारत को आसान जीत दिला दी। अक्षर ने 57 रन बनाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर लौटे।
जसप्रीत बुमराह ने वनडे में पूरे किए 150 विकेट
जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लेते ही सभी भारतीय गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया। बुमराह ने जैसे ही इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को अपना शिकार बनाया वो इंग्लैंड में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में रवींद्र जडेजा को पीछे छोड़ दिया है। जडेजा ने इंग्लैंड में भारत के लिए वनडे में 30 विकेट लिए हैं, तीसरे स्थान पर भुवनेश्वर कुमार हैं जिन्होंने इंग्लैंड में 28 वनडे विकेट लिए हैं। जसप्रीत बुमराह ने वनडे क्रिकेट में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। अगर गेंदों के लिहाज से बात करें, तो वह भारत के लिए सबसे कम गेंदों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले तीसरे सफल तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 4605 गेंदों में अपने 150 विकेट पूरे किए। भारत के लिए वनडे में सबसे कम गेंदों पर 150 विकेट लेने का रिकॉर्ड मोहम्मद शमी के नाम है जिन्होंने 4070 गेंदों पर ऐसा किया था। वहीं, कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने 4513 गेंदों पर वनडे में 150 विकेट पूरे किए थे।



