सोनौली नगर पंचायत में मनोनीत सभासदों का हंगामा, विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप

महराजगंज के सोनौली नगर पंचायत कार्यालय में मनोनीत सभासदों ने विकास कार्यों की अनदेखी, सड़क-नाली निर्माण में देरी और बैठकों से दूर रखने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: आदर्श नगर पंचायत सोनौली में विकास कार्यों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया। बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मनोनीत सभासद रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल और हरिनारायण लोधी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अपने विकास प्रस्तावों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इस दौरान कार्यालय परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

सड़क और नाली निर्माण के प्रस्तावों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

मनोनीत सभासदों का कहना है कि उन्होंने नगर की सड़क और नाली निर्माण से जुड़े कई प्रस्ताव पहले ही नगर पंचायत को सौंप दिए थे, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

बैठकों और अहम फैसलों से दूर रखने का आरोप

सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन बिना सूचना दिए चुनिंदा सभासदों के साथ बैठकें कर रहा है, जबकि मनोनीत सभासदों को महत्वपूर्ण बैठकों और निर्णयों से दूर रखा जा रहा है। उन्होंने टैक्सी स्टैंड की नीलामी जैसे अहम फैसलों की जानकारी भी न दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।

दो दिन में निरीक्षण और कार्रवाई का आश्वासन

करीब एक घंटे तक चली बहस के बाद वरिष्ठ लिपिक संजय श्रीवास्तव ने सभासदों को आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर संबंधित स्थलों का निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक विकास कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासन अपने आश्वासन को कितनी जल्दी अमल में लाता है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: डिलीवरी के लिए भर्ती महिला की मौत के बाद फूटा गुस्सा, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा

Related Articles

Back to top button