गोरखपुर में नगर निगम की कूड़ा गाड़ी से मिला संविदाकर्मी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

गोरखपुर के बेतियाहाता में नगर निगम की कूड़ा गाड़ी में संविदाकर्मी मुकेश पासवान का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित बेतियाहाता पानी की टंकी परिसर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में एक संविदाकर्मी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

ड्यूटी वाली गाड़ी में मिला चालक का शव

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश पासवान (20) पुत्र मनोज पासवान, निवासी नौसढ़ (थाना गीडा) के रूप में हुई है। वह नगर निगम में संविदा पर वाहन चालक के पद पर कार्यरत था। बुधवार सुबह उसकी ड्यूटी वाली कूड़ा गाड़ी बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में खड़ी मिली, जहां ड्राइविंग सीट पर उसका शव पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

दो महीने पहले किया था प्रेम विवाह

परिजनों के मुताबिक मुकेश ने करीब दो महीने पहले दूसरी जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था। इस शादी का दोनों परिवारों ने विरोध किया था, जिसके बाद दंपती गोरखपुर शहर में किराए के मकान में रहने लगे थे। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पत्नी की हालत बिगड़ गई। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है कि विवाह के बाद किसी प्रकार की धमकी या विवाद की स्थिति थी या नहीं।

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: सोनौली नगर पंचायत में मनोनीत सभासदों का हंगामा, विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप

Related Articles

Back to top button