बदायूं में बम की धमकी से मचा हड़कंप! मुख्य डाकघर पहुंची BDDS और डॉग स्क्वायड
बदायूं के मुख्य डाकघर को ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस, BDDS और डॉग स्क्वायड ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बदायूं में उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य डाकघर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। एहतियात के तौर पर स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी भी की गई।
घंटों चली तलाशी, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने डाकघर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की तलाश
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल ईमेल की उत्पत्ति, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: क्यों अलग है गोरखपुर का फातिमा अस्पताल? जानिए 31 साल की सफलता का राज



