तेज धमाके से कांप उठा पूरा इलाका! घर पर गिरी आकाशीय बिजली, बड़ा नुकसान

लखीमपुर खीरी के कंचनपुरी में तेज बारिश के दौरान घर पर आकाशीय बिजली गिरने से दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, वायरिंग और इन्वर्टर जल गए। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : शनिवार सुबह लखीमपुर खीरी में हुई तेज बारिश और गरज-चमक के बीच एक परिवार उस समय दहशत में आ गया, जब उनके घर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज धमाके के साथ हुए इस हादसे में मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, बिजली की वायरिंग जल गई और इन्वर्टर पूरी तरह खराब हो गया। राहत की बात यह रही कि घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

आकाशीय बिजली गिरते ही घर में मच गई अफरा-तफरी

घटना शहर के मोहल्ला कंचनपुरी की है। शनिवार सुबह करीब 7 बजे तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली अतुल अवस्थी के घर पर गिरी। बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे परिवार के सभी सदस्य घबरा गए। उस समय अतुल अवस्थी अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ घर में मौजूद थे। सौभाग्य से किसी को कोई शारीरिक चोट नहीं आई।

दीवार क्षतिग्रस्त, वायरिंग और इन्वर्टर हुआ खराब

बिजली गिरने के कारण मकान की एक दीवार क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। इसके अलावा पूरे घर की विद्युत वायरिंग और बिजली के तार जल गए। घर में लगा इन्वर्टर भी पूरी तरह फुंक गया, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।

गरज-चमक के दौरान बरतें विशेष सावधानी

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न जाने और बिजली से जुड़े उपकरणों के उपयोग में सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञ भी खराब मौसम के दौरान सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह देते हैं।

रिपोर्ट, प्रभाकर श्रीवास्तव, लखीमपुर खीरी

यह भी पढ़ें: भाई को बचाने दौड़ी बहन, लेकिन दोनों की चली गई जान! बांदा की घटना ने रुला दिया

Related Articles

Back to top button